मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड : पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती

झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 53 सामान्य रिक्तियां और 12 बैकलॉग पद शामिल हैं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने दोनों श्रेणियों के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है।

  • 53 सामान्य और 12 बैकलॉग पदों पर संविदा नियुक्ति; 21 सितंबर को रिम्स में वॉक-इन इंटरव्यू, हर माह 2 लाख रुपए मानदेय

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 53 सामान्य रिक्तियां और 12 बैकलॉग पद शामिल हैं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने दोनों श्रेणियों के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी। इसके लिए 21 सितंबर 2026 को रिम्स रांची के प्रशासनिक भवन में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।

इन पांच मेडिकल कॉलेजों में होगी नियुक्ति

भर्ती एसएनएमएमसीएच धनबाद, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पलामू और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग के लिए होगी। 53 सामान्य पदों में एसटी के 9, एससी के 4, पिछड़ा वर्ग के 4 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद शामिल है। शेष 35 पद सामान्य श्रेणी के हैं। वहीं 12 बैकलॉग पदों में एसटी के 3, एससी के 4, पिछड़ा-I के 4 और पिछड़ा-II का 1 पद शामिल है।

मेडिसिन में सबसे ज्यादा 9 पद

सामान्य 53 पदों में मेडिसिन के 9 पद हैं। रेडियोलॉजी के 6, रेडियोथेरेपी के 5 तथा एनाटॉमी, नेत्र रोग और एनेस्थीसिया के 4-4 पद हैं। पैथोलॉजी, सर्जरी और त्वचा रोग में 3-3 पद हैं। फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी तथा फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 पद हैं। बायोकेमिस्ट्री, पीडियाट्रिक्स, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा टीबी एंड चेस्ट में एक-एक पद है। बैकलॉग पदों में माइक्रोबायोलॉजी और फार्माकोलॉजी में 1-1, कम्युनिटी मेडिसिन में 2, नेत्र रोग में 1, एनेस्थीसिया में 3, मनोचिकित्सा में 2 और डेंटिस्ट्री में 2 पद हैं।

दो साल की होगी संविदा, 2 लाख रुपए मानदेय

चयनित एसोसिएट प्रोफेसर को हर महीने 2 लाख रुपए फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा अलग से कोई भत्ता या अन्य सुविधा नहीं मिलेगी। नियुक्ति अधिकतम दो साल के लिए होगी। नियमित नियुक्ति या पदोन्नति होने पर संविदा पहले भी समाप्त की जा सकती है। संतोषजनक कार्य और वित्त विभाग की मंजूरी के आधार पर सेवा अवधि एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाई जा सकती है।

70 साल तक के डॉक्टर कर सकेंगे आवेदन

पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के पास एमसीआई/एनएमसी के नियमों के अनुसार संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव होना चाहिए। चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।

21 सितंबर को सुबह 10:30 बजे इंटरव्यू

वॉक-इन इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रिम्स रांची के प्रशासनिक भवन में होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर लाना होगा। साथ में मूल प्रमाणपत्र, शैक्षणिक एवं अनुभव प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां, जाति प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। विभाग ने विज्ञापन में जरूरत के अनुसार रिक्तियों की संख्या में बदलाव की संभावना भी रखी है।

Anupam Mishra

Reporter | Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment