Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राष्ट्रीय नारी शक्ति महिला संगठन ने झारखंड सरकार से विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित महिलाओं को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा 1000 रुपये की मासिक पेंशन इन महिलाओं की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। संगठन ने मंईयां सम्मान योजना का हवाला देते हुए कहा कि पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ऐसे में विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित महिलाओं के लिए भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि समान किए जाने पर सरकार को विचार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें : बेटी की शादी के लिए कमाने तमिलनाडु गए जामताड़ा के बबलू रावत 7 दिनों से लापता, परिवार ने CM से लगाई गुहार
पति की मौत के बाद बढ़ जाती हैं जिम्मेदारियां
रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय नारी शक्ति की अध्यक्ष आरती बेहरा ने कहा कि पति की मृत्यु के बाद महिलाओं के सामने आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। कई महिलाओं को बच्चों की पढ़ाई, राशन, किराया, बिजली और इलाज जैसे खर्च अकेले उठाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में 1000 रुपये की मासिक पेंशन पर्याप्त नहीं है। संगठन ने सरकार से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि कम से कम 2500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है।

मंईयां सम्मान योजना के बराबर सहायता की मांग
राष्ट्रीय नारी शक्ति ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और मंईयां सम्मान योजना के बीच आर्थिक सहायता में समानता लाने की मांग की है। संगठन के मुताबिक विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित महिलाओं को भी सम्मानजनक जीवन जीने के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। आरती बेहरा ने कहा कि पेंशन में बढ़ोतरी से इन महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों और जरूरी खर्चों को पूरा करने में कुछ राहत मिल सकती है।
सीपी सिंह ने महिलाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नारी के बिना परिवार, समाज और देश की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके हित और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत बताई। संगठन ने सरकार से विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित महिलाओं की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग दोहराई है।

Reporter | Samachar Post


