Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : पर्व-त्योहार के दौरान देवघर के टावर चौक बाजार में बढ़ती भीड़ और सड़क तक फैली दुकानों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रविवार दोपहर बाजार में खरीदारी और पूजा के बाद लौट रही ओडिशा के बरहमपुर निवासी बुजुर्ग महिला शांतिलता कटई के गले से अज्ञात बदमाशों ने करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन खींच ली। घटना शीतला मंदिर के पास दोपहर करीब 2:40 से 2:50 बजे के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद महिला के परिजन शिकायत लेकर नगर थाना पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भीड़ का फायदा उठाकर चेन छीनने की वारदात
जानकारी के अनुसार, शांतिलता कटई पूजा के बाद अपने परिजनों के साथ बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान भीड़ के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और फरार हो गए। वारदात के बाद परिजनों ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अब बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सड़क तक फैली दुकानों से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पर्व-त्योहार के दौरान टावर चौक के अंदर बाजार में दुकानदार सड़क तक सामान और दुकानें फैला देते हैं। इससे सड़क का हिस्सा काफी संकरा हो जाता है और पैदल चलने वालों के साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। भीड़ बढ़ने के कारण कई जगह जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में राहगीरों और दुकानदारों की सुरक्षा भी चुनौती बन जाती है।
यह भी पढ़ें : वेदांता ईएसएल आर्चरी अकादमी के तीन तीरंदाजों को खेल छात्रवृत्ति, मिला कुल 1.90 लाख रुपये का प्रोत्साहन
नगर निगम से अतिक्रमण पर नियमित निगरानी की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से पर्व-त्योहार के दौरान बाजार क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने और सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क खाली रहने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने से जाम की समस्या कम होगी। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाने से छिनतई जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। फिलहाल चेन छिनतई के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध की तलाश कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


