रांची में पावरग्रिड अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज

खेलगांव के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में 12 सितंबर तक चलेगा टूर्नामेंट, देशभर के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें ले रही हिस्सा

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में गुरुवार को पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पावरग्रिड पूर्वी क्षेत्र-I की मेजबानी में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 10 से 12 सितंबर तक चलेगी। इसमें देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची पावरग्रिड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि नितिन कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक (प्रभारी), पूर्वी क्षेत्र-I ने किया। इस दौरान पावरग्रिड के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। पूर्वी क्षेत्र-I के हेड ऑफ प्रोजेक्ट्स एसके शर्मा ने स्वागत भाषण के माध्यम से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें : गोंदा डैम का बढ़ा जलस्तर, 2128 फीट पहुंचते ही खोले जा सकते हैं गेट; 3 बार बजेगा सायरन

खेल भावना और टीम भावना पर दिया जोर

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि नितिन कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्फूर्ति के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न क्षेत्रों से आए कर्मचारियों के बीच खेल आपसी तालमेल और टीम भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

शपथ के बाद कोर्ट पर शुरू हुआ मुकाबला

समारोह के दौरान मेजबान टीम के कप्तान ने सभी टीम कप्तानों और खिलाड़ियों को निष्पक्ष एवं अनुशासित खेल की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद अतिथियों ने उनके साथ समूह फोटो भी खिंचवाई। उद्घाटन कार्यक्रम और अल्पाहार के बाद सुबह 11:30 बजे से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैडमिंटन मुकाबले शुरू हो गए। विभिन्न क्षेत्रों की टीमें अगले दो दिनों तक कोर्ट पर अपने प्रदर्शन के जरिए खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

संबंधित खबरें