Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठन के एक कथित सक्रिय सदस्य रोहन गंझू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद की गई है। आरोपी की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली भगिया निवासी रोहन गंझू, पिता करम गंझू उर्फ कर्मा गंझू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह कई मामलों में पहले से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
घर आने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहन गंझू अपने घर आया हुआ है और उसके पास हथियार भी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने सरचनवा रोड पर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए रोहन गंझू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कई मामलों में पुलिस को थी तलाश
पुलिस के अनुसार, रोहन गंझू के खिलाफ बारियातू और बालूमाथ थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इन्हीं मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके संगठन से जुड़े संपर्कों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : देवघर में चिल्ड्रन पार्क में फंदे से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी अभियान में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में बालूमाथ थाना प्रभारी पुअनि अनुभव सिन्हा, पुअनि देवेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, होसेन डांग और मनोज कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


