बेटी का इलाज कराने पहुंचे पुलिस जवान की बाइक चोरी, गढ़वा सदर अस्पताल के CCTV में कैद हुई वारदात

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : गढ़वा सदर अस्पताल परिसर से पुलिस जवान की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। जवान अपनी बेटी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद जब वह पार्किंग स्थल पर वापस पहुंचे तो उनकी बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिली, जिसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाइक चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने में जुट गई है।

यह भी पढ़ें : झारखंड में आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 13 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

बेटी का इलाज कराने आए थे पुलिस जवान

जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस के जवान अजीत पांडेय अपनी बेटी का इलाज कराने गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर के पार्किंग स्थल पर खड़ी की थी। इलाज के बाद जब वह घर लौटने के लिए पार्किंग पहुंचे तो बाइक वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला।

काफी देर तक लॉक खोलने की कोशिश करता रहा युवक

सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध युवक बाइक के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार युवक ने पहले आसपास की स्थिति देखी और फिर मोटरसाइकिल का लॉक खोलने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक प्रयास करने के बाद लॉक खुल गया और आरोपी बाइक लेकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश

घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सदर अस्पताल जैसे व्यस्त परिसर से पुलिस जवान की बाइक चोरी होने की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

Share this news

संबंधित खबरें