Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रिम्स में जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। इसे लेकर हुई अहम बैठक में अस्पताल परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और कर्मचारियों की तैनाती को जरूरत के मुताबिक बदलने पर सहमति बनी। प्रबंधन का कहना है कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित माहौल देने के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा भी प्राथमिकता है।
सुरक्षा कर्मियों के लिए बनेगा नया रोस्टर
बैठक में अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी की दोबारा समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए नया सुरक्षा रोस्टर तैयार किया जाएगा। नए रोस्टर के जरिए उन स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जहां मरीजों की संख्या अधिक रहती है या विवाद की आशंका को देखते हुए ज्यादा निगरानी की जरूरत महसूस होती है।

हवलदारों की बढ़ेगी जिम्मेदारी
रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था में हवलदारों की भूमिका और जिम्मेदारी बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर तैनाती में अधिक जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा अस्पताल परिसर के जिन स्थानों को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील या हॉटस्पॉट माना गया है, वहां महिला गार्ड की जगह पुरुष सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : गढ़वा में बाघ और हाथियों का आतंक, 4 दिनों में 2 लोगों की मौत; आधा दर्जन से ज्यादा पशुओं का शिकार
डॉक्टरों और मरीजों की सुरक्षा पर फोकस
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। रिम्स में इलाज कराने आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। हालिया घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ यह भी प्रयास किया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा होने पर सुरक्षा कर्मी तेजी से कार्रवाई कर सकें।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


