Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में रविवार रात चोरी की नीयत से घुसे तीन युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में हॉस्टल संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। रजत कुमार को कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा है। गंभीर चोटों के चलते उन्हें रात में ही मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटी सर्जरी की सलाह दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद चीराचास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सालाना मीटिंग से लौटने के बाद हुई वारदात
हॉस्टल मैनेजर कुलदीप कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार शाम पांडेपुर के पास उत्सव वाटिका में हॉस्टल की सालाना मीटिंग और काउंसलिंग कार्यक्रम हुआ था। इसमें हॉस्टल के छात्र, कर्मचारी और संचालक रजत कुमार शामिल हुए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी वापस हॉस्टल पहुंचे। परिसर में पहुंचते ही उन्हें कुछ असामान्य लगा। जांच करने पर पता चला कि CCTV कैमरे का तार काट दिया गया था। इससे हॉस्टल प्रबंधन को संदेह हुआ कि कोई व्यक्ति अंदर घुसा है। इसके बाद जैसे ही हॉस्टल का गेट खोला गया, अंदर से तीन अज्ञात युवक बाहर निकलते दिखाई दिए। संचालक और स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए शोर मचाया।

रोकने पर चाकू निकालकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, रोकने की कोशिश होते ही तीनों युवकों ने चाकू निकाल लिया और संचालक व कर्मचारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रजत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान के पास, बांह और जांघ में चोट आई, जबकि दो अन्य स्टाफ को भी चाकू लगने से चोटें आईं। रजत कुमार के भाई राहुल कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान भाग रहे तीन युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। बताया गया कि गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए युवक की पिटाई भी की। उसके दो साथी भागने में सफल रहे।
यह भी पढ़ें : लातेहार में करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत, झुंड के अन्य हाथियों के घायल होने की आशंका
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
घटना की सूचना मिलने के बाद चीराचास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हॉस्टल संचालक, घायल स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की है। पकड़े गए युवक से भी पूछताछ की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी हॉस्टल में किस रास्ते से दाखिल हुए और चोरी के लिए उनका क्या इरादा था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


