Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कोयलांचल धनबाद में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे महिला पुलिसकर्मी तक को निशाना बनाने लगे हैं। शुक्रवार को धनबाद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन झपटमारी की दो वारदातें हुईं। एक में अस्पतालकर्मी और दूसरी में महिला पुलिसकर्मी के गले से चेन छीन ली गई।
अस्पतालकर्मी की चेन लेकर फरार
पहली घटना लाहबनी धैया स्थित सरकारी स्कूल के पास हुई। पीड़िता लीला देवी, जो एक अस्पताल में काम करती हैं, ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
लीला देवी ने बताया कि शोर मचाने के बावजूद अपराधी तेज रफ्तार में भाग निकले। उन्होंने तत्काल थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें : रांची में सनसनी : 4 साल के बच्चे का अपहरण कर 500 रुपये में बेच डाला
महिला पुलिसकर्मी भी बनी शिकार
दूसरी वारदात की शिकार बनीं प्रीति कुमारी, जो वायरलेस ऑफिस में कांस्टेबल हैं और धीरेंद्र पुरम में रहती हैं।
शाम को कॉलोनी में टहलते समय बाइक सवार दो अपराधी उनके गले से भी चेन खींचकर फरार हो गए।
प्रीति कुमारी ने बताया कि बाइक चलाने वाला युवक नीली शर्ट में था, जबकि पीछे बैठा युवक काली शर्ट पहने हुए था।
पुलिस की कार्रवाई
दोनों मामलों की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है। बाइकर्स गैंग की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।