Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मेसरा ओपी क्षेत्र के केंदुआ टोली से गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक महिला ने 4 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर उसे मात्र 500 रुपये में बेच दिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मां की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
जब बच्चा घर के बाहर खेलते हुए अचानक गायब हो गया तो उसकी मां गुड़िया कुमारी ने आसपास तलाश शुरू की। बच्चे का कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मेसरा ओपी प्रभारी संजीत कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक महिला बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दी।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज में अज्ञात हमलावर ने व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
अपहरण करने वाली महिला की पहचान
जांच में पता चला कि आरोपी महिला अनीता देवी, ओरमांझी की रहने वाली है। वह कचरा चुनने का काम करती है और विधवा है। पुलिस ने अनीता को इरबा गोलचक्कर के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने बच्चे को जगतपाल करमाली नामक व्यक्ति को 500 रुपये में बेच दिया।
शोरूम से बरामद हुआ बच्चा
जगतपाल करमाली इरबा स्थित एक कार शोरूम में सफाईकर्मी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शोरूम के बेसमेंट से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में जगतपाल ने बताया कि उसका बेटा पांच साल पहले मर चुका था। बुढ़ापे में सहारे के लिए उसने बेटे की चाह में अनीता से बच्चा लाने की बात कही थी और इसके लिए पैसे देने पर सहमति बनी थी।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर अनीता देवी और जगतपाल करमाली, दोनों को जेल भेज दिया है। बरामद बच्चा सुरक्षित अपने परिजनों को सौंप दिया गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।