Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के गम्हरिया टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को रापचा के पास LPG सिलेंडरों से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। वाहन में 50 से अधिक सिलेंडर होने के कारण हादसे के बाद आसपास के इलाकों में कुछ देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गड्ढे की चपेट में आने से पलटा वाहन
जानकारी के अनुसार, LPG सिलेंडरों से लदा वाहन रांची से गम्हरिया स्थित HP गैस गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार तेज थी। रापचा के पास मुख्य सड़क के किनारे मौजूद गड्ढे की चपेट में आने के बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में रखे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। सिलेंडरों की संख्या अधिक होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए भय की स्थिति बन गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सड़क पर बिखरे सिलेंडरों के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस की मौजूदगी में सभी सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में स्थानांतरित कराया गया। गम्हरिया थाना के एएसआई विशु उरांव ने बताया कि वाहन पलटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित दूसरे वाहन में शिफ्ट करा दिया गया है और हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें : 26 साल से सड़क का इंतजार, अब ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा; चांपी-धौरा सड़क पर किया श्रमदान
दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना के समय सिलेंडरों में गैस नहीं होने की बात सामने आई है। इस जानकारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि वाहन की तेज रफ्तार के अलावा सड़क किनारे मौजूद गड्ढे की वजह से दुर्घटना किस हद तक हुई।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


