जेएससीए की एजीएम में ऑडिटेड हिसाब-किताब सर्वसम्मति से मंजूर, पूर्व चीफ जस्टिस वीरेंद्र सिंह बने लोकपाल

Samachar Post | August 30, 2026 | 05:20 PM IST
  • सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनने की उपलब्धि बताई; पुरुष और महिला टीम के चयनकर्ताओं के नाम घोषित, एसबी सिंह की सदस्यता समाप्त करने का फैसला बरकरार

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की वार्षिक आमसभा रविवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर, रांची में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने की। इसमें उपाध्यक्ष संजय पांडेय, मानद सचिव सौरभ तिवारी, मानद कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष और मानद संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। राज्य के विभिन्न हिस्सों से करीब 400 सदस्य बैठक में शामिल हुए।

पिछली एजीएम और विशेष आमसभा की कार्यवाही को मंजूरी

एजीएम में सदस्यों ने पिछली वार्षिक आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि की। इसके अलावा 25 अगस्त 2026 को हुई विशेष आमसभा की कार्यवाही को भी सदस्यों ने मंजूरी दी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड लेखा-जोखा को सदन के सामने रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

पूर्व चीफ जस्टिस वीरेंद्र सिंह बने लोकपाल

बैठक में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस वीरेंद्र सिंह को जेएससीए का लोकपाल और एथिक्स ऑफिसर मनोनीत किया गया। संघ में नैतिकता और शिकायतों से जुड़े मामलों के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

यह भी पढ़ें : पीआईबी का ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए झारखंड के 10 पत्रकारों का दल रवाना

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की जीत का जिक्र

मानद सचिव सौरभ तिवारी ने पिछले वर्ष संघ और उसके खिलाड़ियों व टीमों की उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों के सामने रखी। उन्होंने खास तौर पर जेएससीए के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने आगामी सत्र के लिए जेएससीए की पुरुष और महिला टीमों के चयनकर्ताओं के नामों की भी घोषणा की।

एसबी सिंह की सदस्यता समाप्त करने का फैसला बरकरार

एजीएम में पिछले एक वर्ष के दौरान प्रबंधन समिति द्वारा लिए गए विभिन्न फैसलों की भी सदस्यों ने पुष्टि की। इनमें एसबी सिंह को जेएससीए की सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय भी शामिल रहा। सदस्यों ने प्रबंधन समिति के इस फैसले को मंजूरी दी। बैठक के अंत में जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Share this news

संबंधित खबरें