Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार, 14 अक्टूबर को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह हल्का कुहासा छाने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
रांची में 29 डिग्री, अन्य जिलों में 33 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, पलामू, बोकारो और जमशेदपुर में गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक महसूस हो सकता है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

19 अक्टूबर तक कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 और 16 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का कुहासा छा सकता है। इसके बाद 17 से 19 अक्टूबर तक झारखंड के अधिकांश इलाकों में मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल, बारिश को लेकर किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं है। कुल मिलाकर, झारखंड में सुबह-शाम हल्की ठंडक और दोपहर में गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जाती है।



















