Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : शहर से सटे बेलाहाथी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन सगे भाई घायल हो गए। तीनों के माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी में भर्ती कराया है। घायलों की पहचान बलिंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और श्याम सिंह के रूप में हुई है।
जेसीबी से जमीन पर काम कराने को लेकर विवाद
घायल भाइयों ने आरोप लगाया कि बेलाहाथी के परसा टांड़ स्थित विवादित जमीन पर लापुंग निवासी उमाशंकर साहू करीब 40-50 लोगों के साथ पहुंचे थे। उनके पास जमीन से जुड़े दस्तावेज थे और जेसीबी मशीन से जमीन पर काम कराया जा रहा था। घायलों का कहना है कि उक्त जमीन का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी वजह से उन्होंने जेसीबी से काम कराने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बंदूक के बट से हमला करने का आरोप
घायल भाइयों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके साथ बंदूक के बट से भी हमला किया गया, जिससे तीनों के सिर में चोट आई। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उमाशंकर साहू के अनुसार, उन्होंने करीब ढाई एकड़ जमीन खरीदी है और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। उनका कहना है कि वह मजदूरों के साथ जमीन की साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बेलाहाथी निवासी तीनों भाइयों समेत चार-पांच लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उमाशंकर ने भी मारपीट में घायल होने की बात कही है।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे बाबूलाल मरांडी, घायल ABVP कार्यकर्ता का जाना हाल
दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और घटना में किसकी भूमिका रही, यह स्पष्ट हो सकेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

