Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस प्रशासन के बीच 21 अगस्त को हुई झड़प के बाद हजारीबाग पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में कोर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में करीब 700 लोगों के खिलाफ FIR की कार्रवाई की जा रही है।
200 लोगों की पहचान का दावा
पुलिस के अनुसार, अब तक करीब 200 प्रदर्शनकारियों की पहचान कर ली गई है। अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के वीडियो फुटेज और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस टीम प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य रिकॉर्डिंग को खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर उन लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, जो कथित तौर पर पुलिस से झड़प, उपद्रव या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल थे।
झड़प के बाद बढ़ी पुलिस कार्रवाई
बताया जा रहा है कि 21 अगस्त को प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने के बाद छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच कर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, इंजन के नीचे दबे चालक की इलाज के दौरान मौत

कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
हजारीबाग पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने, सरकारी काम में बाधा डालने या हिंसा में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल FIR दर्ज करने और प्रदर्शनकारियों की पहचान का काम जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

