Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JSSC CGL परीक्षा रद्द होने के बाद नियुक्ति की मांग को लेकर प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे चयनित अभ्यर्थियों को गुरुवार दोपहर वहां से हटा दिया गया। सचिवालय सुरक्षा टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों को प्रोजेक्ट भवन के सामने प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति नहीं दी।
धारा 144 का हवाला देकर हटाया गया
सुरक्षा अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को बताया कि प्रोजेक्ट भवन के आसपास के क्षेत्र में धारा 144 लागू है। ऐसे में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने धरना स्थल पर लगाए गए टेंट और अन्य सामान को हटवा दिया। अभ्यर्थियों से कहा गया कि प्रशासन ने प्रदर्शन के लिए एक निर्धारित स्थान चिन्हित किया है। वे चाहें तो विधानसभा के समीप कुटे मैदान में जाकर अपना आंदोलन जारी रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC में सुधार के लिए कानून की मांग, AJSU नेता संजय मेहता ने CM हेमंत को लिखा पत्र
कुटे मैदान में जारी रहेगा आंदोलन
सुरक्षा टीम की कार्रवाई के बाद अभ्यर्थियों को प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार से हटना पड़ा। प्रशासन की ओर से वैकल्पिक प्रदर्शन स्थल बताए जाने के बाद अब अभ्यर्थियों के कुटे मैदान में आंदोलन जारी रखने की संभावना है। JSSC CGL परीक्षा रद्द किए जाने के बाद चयनित अभ्यर्थी लगातार अपनी नियुक्ति और भविष्य को लेकर सरकार से स्पष्ट निर्णय की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन के बाहर उनका धरना इसी मांग को लेकर चल रहा था।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

