Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के चित्तरडीह गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाते हुए नगदी, जेवरात और घरेलू सामान समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत और नाराजगी का माहौल है।जानकारी के अनुसार, चोरों ने ननकी देवी, कंचन देवी और सुलेखा देवी के घरों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि कुछ परिजन रिश्तेदारी में गए हुए थे, जबकि अन्य सदस्य पास के घर में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने करीब एक घंटे के भीतर तीनों घरों में चोरी कर ली। पीड़ित परिवारों के मुताबिक चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, बर्तन, साड़ियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवारों ने बताया कि शादी-विवाह और अन्य जरूरतों के लिए वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान चोरी हो गया है।
बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि कई मामलों के बावजूद अब तक कोई बड़ी गिरफ्तारी या प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कुछ ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते जुआरियों के जमावड़े को भी चोरी की घटनाओं से जोड़कर देखा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में बाढ़ का कहर, खरकई नदी के तेज बहाव में बहा युवक; NDRF ने संभाला मोर्चा
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, चोरों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस-प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

