छात्र आंदोलन में एयर गन के साथ पहुंचा युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

Rupa Kumari | August 12, 2026 | 04:04 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान एक युवक के एयर गन के साथ पहुंचने से हड़कंप मच गया। युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में देखने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, भीड़ के बीच एक युवक एयर गन जैसी वस्तु लेकर घूमता दिखाई दिया। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ते ही वह घबराकर वहां से भागने लगा। युवक की हरकत संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।

हजारीबाग का बताया जा रहा है युवक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिया गया युवक हजारीबाग जिले का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह आंदोलन स्थल पर एयर गन लेकर क्यों पहुंचा था और उसके पीछे क्या उद्देश्य था।

यह भी पढ़ें : पलामू में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट पर FIR दर्ज

सुरक्षा एजेंसियां जुटीं जांच में

छात्र आंदोलन को देखते हुए क्षेत्र में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में आंदोलन स्थल पर एयर गन जैसी वस्तु के साथ युवक के मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share this news

संबंधित खबरें