Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान बबन शर्मा उर्फ गुड्डू की रामगढ़ में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके निधन की खबर से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया।
ड्यूटी पर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय बबन शर्मा धनबाद जिले के कुमारधुबी पंचमोहली के निवासी थे और उनकी तैनाती रांची में थी। वे एक दिन की छुट्टी पर अपने घर आए थे। सोमवार को मोटरसाइकिल से वापस रांची ड्यूटी पर लौटने के दौरान रामगढ़ के गोला चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ITBP के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि गंभीर रूप से घायल जवान ने इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह रांची स्थित ITBP कैंप से जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर उनके पैतृक गांव कुमारधुबी लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ें : रांची के पूर्व मेयर प्रत्याशी सुजीत कुजूर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल, ICU में भर्ती
‘बबन शर्मा अमर रहें’ के नारों के बीच अंतिम विदाई
जवान का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘बबन शर्मा अमर रहें’ के नारे लगाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि बबन शर्मा मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती स्वभाव के थे। उनके असामयिक निधन से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

