Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा नेता सुजीत कुजूर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए बरियातू स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल उनका उपचार ICU में चल रहा है।
घर की छत से गिरने के बाद अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सुजीत कुजूर अपने घर की छत पर थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत ICU में भर्ती किया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही JMM के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे। पार्टी नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है।

यह भी पढ़ें : TDPL विवाद पर JMM का BJP पर हमला, CBI जांच को लेकर दोहरे रवैये का लगाया आरोप
रांची की राजनीति में सक्रिय भूमिका
सुजीत कुजूर रांची की राजनीति का एक चर्चित चेहरा माने जाते हैं। इसी वर्ष फरवरी में हुए रांची नगर निकाय चुनाव में वे JMM समर्थित मेयर पद के उम्मीदवार थे। चुनाव में उन्होंने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था और तीसरे स्थान पर रहे थे। उनके घायल होने की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता का माहौल है। डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी हुई है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

