Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
JMM नेताओं ने थाने में दी शिकायत
जानकारी के अनुसार, राज्य में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच फेसबुक के एक पेज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद JMM नेताओं ने इसका विरोध किया। JMM के प्रखंड अध्यक्ष उमा शंकर सिंह और प्रखंड सचिव रंजीत सिंह ने पाटन थाना में आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विजय विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पाटन थाना पुलिस ने विजय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : फ्लिपकार्ट कर्मी से लूट मामले के आरोपी को झारखंड हाईकोर्ट से मिली जमानत
पुलिस ने शुरू की जांच
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित पोस्ट किस परिस्थिति में और किस उद्देश्य से साझा की गई थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

