Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने TDPL एजेंसी से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि झारखंड में TDPL से संबंधित मामलों की जांच CID कर रही है और अब तक आयोग के अध्यक्ष, एजेंसी के निदेशक समेत करीब 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। JMM ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद में नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं के मामले में भी TDPL एजेंसी का नाम सामने आया था। पार्टी के अनुसार, इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI जांच के आदेश दिए थे, लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार इस फैसले को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई।
भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप
JMM ने कहा कि भाजपा झारखंड में TDPL मामले की CBI जांच की मांग कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में उसकी ही सरकार CBI जांच के आदेश का विरोध करती नजर आई। पार्टी ने इसे भाजपा की “दोहरी राजनीति” बताते हुए सवाल उठाया कि दोनों राज्यों में अलग-अलग रुख क्यों अपनाया जा रहा है।

TDPL से जुड़ी परीक्षाएं रद्द करने की मांग
इधर, झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलनकारी छात्र TDPL एजेंसी के माध्यम से आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर JMM ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि यदि पार्टी झारखंड में CBI जांच की पक्षधर है, तो उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का कारण भी स्पष्ट करना चाहिए।
यह भी पढ़ें : सिमडेगा में सांप के डंसने से युवक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
राजनीतिक बयानबाजी तेज
TDPL विवाद और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। एक ओर छात्र संगठन जांच और परीक्षाएं रद्द करने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सत्तापक्ष और विपक्ष इस मुद्दे पर आमने-सामने हैं। फिलहाल झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है और मामले की जांच एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

