पलामू में जमीन विवाद ने ली जान, मारपीट के बाद घायल व्यक्ति की मौत; पांच आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | August 11, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित पथरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अशोक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अशोक पासवान को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।

पांच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पथरा गांव निवासी संतोष पासवान, सुमित पासवान उर्फ सुधांशु कुमार, सोनू पासवान, सौरभ पासवान, रीता देवी शामिल हैं।

साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस

पुलिस घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र करने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : RINPAS में निदेशक पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू, 8 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

जांच जारी

हुसैनाबाद थाना पुलिस के नेतृत्व में गठित टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें