Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के बेहतर क्रियान्वयन में बोकारो जिले ने एक बार फिर अपनी मजबूत कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन और निर्धारित महत्वपूर्ण मानदंडों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बोकारो को पूरे झारखंड में दूसरा स्थान मिला है। जिले की इस उपलब्धि के लिए ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की ओर से वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर सम्मान मिलने के बाद जिला प्रशासन में भी खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला: विपरीत परिस्थितियों में पत्नी को पति के घर लौटने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता
लगातार दूसरे साल मनरेगा में बोकारो का शानदार प्रदर्शन
बोकारो को मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य के लिए लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि योजना के वित्तीय प्रबंधन, कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित मानकों पर जिले के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है। जिले के अधिकारियों के अनुसार, मनरेगा से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावी वित्तीय प्रबंधन पर लगातार ध्यान दिया गया है। इसी का परिणाम है कि बोकारो ने राज्य के अन्य जिलों के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

उपायुक्त ने पूरी टीम को दी बधाई
उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे समेत मनरेगा से जुड़े पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान बोकारो जिले के लिए गौरव की बात है। उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आगे भी इसी लगन, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम जारी रखने की अपील की। जिला प्रशासन का मानना है कि मनरेगा जैसी ग्रामीण रोजगार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Reporter | Samachar Post

