शुभमन गिल की उंगली में चोट, श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका

Meenu | August 8, 2026 | 11:12 AM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट कप्तान शुभमन गिल प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोटिल हो गए हैं। चोट के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सावधानी के तौर पर शुभमन गिल श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इलेवन (SLC XI) के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। BCCI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए बताया कि गिल को गुरुवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग: 13 माइल गोलीकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार-बम और धमकी भरे पर्चे बरामद

15 अगस्त से शुरू होगी भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज

SLC XI ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में होगा। सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम चोटों की समस्या से जूझ रही है। जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण सीरीज से बाहर हैं। उनकी जगह अकीब नबी को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहले टेस्ट में उपलब्ध नहीं होंगे, जबकि आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं। ऐसे में शुभमन गिल की चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता और बढ़ा दी है।

WTC 2025-27 का हिस्सा है भारत-श्रीलंका सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र का हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम फिलहाल WTC स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर है। भारत ने अब तक नौ मैच खेले हैं, जिनमें चार जीत और चार हार दर्ज की हैं। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में गिल की उपलब्धता भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनकी चोट कितनी गंभीर है और वह सीरीज के पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं, इस पर अब सबकी नजर है।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और औकिब नबी।

Share this news

संबंधित खबरें