Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सावन माह की दूसरी सोमवारी पर जमशेदपुर में शिवभक्ति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से 10 अगस्त को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भजन संध्या और 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में देश के चर्चित भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवमय वातावरण का अनुभव कराएंगे। संघ के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन समिति ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के शिवभक्तों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
शाम 6:30 बजे से शुरू होगी भजन संध्या
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे भव्य भजन संध्या से होगी। इस दौरान चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा और बिहार के भोजपुर (आरा) की चर्चित भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दोनों कलाकार भगवान शिव की महिमा से जुड़े भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे। इसके बाद रात 8 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।
8 फीट ऊंचा बर्फ का शिवलिंग होगा आकर्षण का केंद्र
आयोजन का प्रमुख आकर्षण 8 फीट ऊंचा बर्फ से निर्मित शिवलिंग होगा। विशेष रूप से तैयार किया जा रहा यह शिवलिंग श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहेगा और पूरे परिसर को आध्यात्मिक माहौल से भर देगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। श्रद्धालु पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बैठने की व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।

समाज में सेवा और आध्यात्मिकता का संदेश
संघ के सदस्यों ने बताया कि सावन भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष महीना माना जाता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाता है। आयोजन का मकसद केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में भाईचारे, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना भी है।
यह भी पढ़ें : बोकारो: हिंदुस्तान पुल से दामोदर नदी में महिला ने लगाई छलांग, दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी
तैयारियां अंतिम चरण में
श्री नीलकंठ महादेव संघ के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के स्वागत, सुरक्षा और सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति का दावा है कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य और यादगार होगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

