Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के सलडेगा सरना मंदिर रोड पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल युवक की पहचान कमडरा निवासी संतोष महतो के रूप में हुई है। वह सलडेगा में किराये के मकान में रहकर एक होटल में काम करता है। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम वह किसी काम से सरना मंदिर की ओर गया था। रात में लौटने के दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात युवक उसका पीछा करते हुए पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन को लेकर रांची में हाई अलर्ट, विधानसभा मार्च के लिए 6 IPS समेत 1,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
आरोप है कि बदमाशों ने संतोष महतो पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। आग लगने के बाद संतोष गंभीर रूप से झुलस गया और मदद के लिए चीखते हुए वहां से भागा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे गंभीर हालत में सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए उपलब्ध तकनीकी और स्थानीय जानकारियों का भी सहारा लिया जा रहा है। मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Reporter | Samachar Post

