मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

14वीं JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में CID का शिकंजा कसता जा रहा, दो भाइयों के कथित नेटवर्क की जांच तेज

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने हजारीबाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया है। सोमवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि इन दस्तावेजों से परीक्षा प्रक्रिया में कथित सेटिंग और अवैध लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

सुबह तड़के शुरू हुई कार्रवाई, पांच घंटे तक चली तलाशी

सीआईडी की विशेष टीम ने सोमवार सुबह करीब छह बजे हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पौता गांव में एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस के कई थानों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक घर के विभिन्न हिस्सों, अलमारियों और लॉकरों की गहन तलाशी ली। परिजनों से भी पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में दो भाइयों की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। सीआईडी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कथित नेटवर्क के संचालन में उनकी क्या भूमिका रही। जांच एजेंसी विभिन्न दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

कई महत्वपूर्ण दस्तावेज किए गए जब्त

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज, हस्ताक्षरित चेक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अभ्यर्थियों के दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों का विश्लेषण कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन या अवैध गतिविधि तो नहीं हुई। सीआईडी अब जब्त किए गए दस्तावेजों, रोल नंबर, एडमिट कार्ड और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्हें इस कथित नेटवर्क से लाभ मिला हो सकता है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।

बड़कागांव तक बढ़ा जांच का दायरा

हजारीबाग में छापेमारी के बाद जांच एजेंसी ने बड़कागांव क्षेत्र में भी कई स्थानों पर कार्रवाई की। देर रात तक अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी रहा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि जांच का दायरा और व्यापक हो सकता है। जांच एजेंसियों का मानना है कि बरामद दस्तावेजों और पूछताछ से इस मामले में शामिल अन्य बिचौलियों, सहयोगियों और संभावित प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल सीआईडी पूरे प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : रांची के हिंदपीढ़ी में आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़, डीएसपी की कार भी बनी निशाना

JPSC विवाद में बढ़ी हलचल

14वीं जेपीएससी परीक्षा को लेकर पहले से ही राज्यभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा चल रही है। सीआईडी की ताजा कार्रवाई के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment