Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : मुख्यमंत्री गंभीर चिकित्सा योजना के तहत सिमडेगा जिले के तीन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता कोलेबिरा विधायक की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद उपलब्ध कराई गई। योजना के तहत मिली सहायता से मरीजों और उनके परिजनों को इलाज में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। आर्थिक सहायता प्राप्त करने वालों में जलडेगा प्रखंड के मिजुरगढ़ा निवासी रॉबर्ट बुढ शामिल हैं, जो हड्डी संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। वहीं सिमडेगा प्रखंड के सेवई नवाटोली निवासी नील जस्टिन बेक किडनी रोग से जूझ रहे हैं। इसके अलावा कोलेबिरा प्रखंड के एडेगा निवासी प्रतीक अभिषेक समद, जो स्पाइनल इंजरी से पीड़ित हैं, उन्हें भी योजना का लाभ मिला है।
जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना उद्देश्य
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को समय पर इलाज के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री गंभीर चिकित्सा योजना इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को कठिन परिस्थितियों में सहयोग मिल रहा है। विधायक ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाला खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में सरकार द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता न केवल मरीजों के इलाज को गति देती है, बल्कि उनके परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी कम करती है।

पात्र मरीजों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प
कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति केवल आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी पात्र मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर केशव महतो कमलेश ने किया नमन, बोले- गुरुजी सादगी और संघर्ष के प्रतीक थे
जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण बनी योजना
मुख्यमंत्री गंभीर चिकित्सा योजना को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल बताते हुए विधायक ने कहा कि यह योजना जरूरतमंद मरीजों के लिए संबल का काम कर रही है। इसके जरिए गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को उपचार के लिए आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

