Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के रेलवे साइडिंग क्षेत्र में शनिवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई। अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों पर एक होमगार्ड जवान का अपहरण कर उसे कई घंटों तक बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल की मदद से जवान को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया गया।
कोयला चोरी रोकने पर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान मिलन कुमार दास अपने साथी मोहन कुमार मंडल के साथ जामताड़ा रेलवे साइडिंग में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ लोग कथित रूप से अवैध रूप से कोयला उठाने पहुंचे। जवानों द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने दोनों जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान मोहन कुमार मंडल किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि मिलन कुमार दास को पकड़ लिया गया।
गांव ले जाकर बनाया बंधक
आरोप है कि हमलावर मिलन कुमार दास को जबरन धांधरा गांव ले गए, जहां उन्हें करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती प्रयास में जवान को छुड़ाने में सफलता नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो अतिरिक्त पुलिस बल के साथ धांधरा गांव पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जवान को सुरक्षित मुक्त कराया और थाने ले आई। इसके बाद घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज
मारपीट में घायल मिलन कुमार दास के शरीर पर चोट के कई निशान बताए जा रहे हैं। उनका इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में जारी है। वहीं दूसरे जवान मोहन कुमार मंडल को भी हल्की चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ बहस और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: रांची में Blinkit राइडर्स की हड़ताल, पेआउट बढ़ाने और नई भुगतान व्यवस्था का विरोध
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने पीड़ित जवान की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

