रांची के खेलगांव थाना से चोरी का आरोपी फरार, बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर पुलिस को दिया चकमा

Meenu | August 1, 2026 | 11:24 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के खेलगांव थाना से चोरी के मामले का मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी मो. अशफाक अंसारी ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे थाना परिसर के बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

यह भी पढ़ें : धनबाद में युवक पर फायरिंग, बरोरा चेकपोस्ट के पास चलीं दो गोलियां; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

30 जुलाई को हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस ने होटवार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाली अंजनी घोष के घर हुई जेवरात और मोबाइल चोरी के मामले में 30 जुलाई को मो. अशफाक अंसारी (21) और उसकी पत्नी शिफात अदा (19) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने शिफात अदा का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे अदालत में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, अशफाक की फरारी को लेकर अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घर से जेवर और मोबाइल चोरी होने का आरोप

शिकायतकर्ता अंजनी घोष ने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई की रात वह अपने बेटे और बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो रही थीं, जबकि उनके पति दुकान में थे। सुबह उठने पर ड्रेसिंग टेबल का लॉकर खुला मिला और उसमें रखे सभी जेवर गायब थे। साथ ही बेटी का चार्जिंग पर लगा मोबाइल फोन भी चोरी हो चुका था। पीड़िता ने अपने किरायेदार मो. अशफाक अंसारी, उसकी पत्नी शिफात अदा और एक अन्य व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया था। जांच के बाद पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था।

पहले भी थाना से फरार हो चुका है आरोपी

मो. अशफाक अंसारी नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी का पुत्र है। उसकी फरारी ने एक बार फिर थाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले कोतवाली थाना के बाथरूम से आरएसएस के प्रांतीय कार्यालय पर हमले का आरोपी सैफ भी फरार हो गया था। बाद में नगड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें