Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने संसद परिसर में झारखंड भाजपा सांसदों के मौन उपवास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा के शासनकाल में देश के युवा पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों से सबसे अधिक प्रभावित रहे, वही पार्टी आज छात्रों की सबसे बड़ी हितैषी बनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे राजनीतिक संवेदनशीलता नहीं, बल्कि “राजनीतिक ढोंग” करार देते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों में हुई परीक्षा अनियमितताओं का जवाब देना चाहिए।
यह भी पढ़ें : 5 महीने से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर भड़कीं पाकुड़ की सहिया दीदी, सिविल सर्जन कार्यालय का किया घेराव
रोजगार और पेपर लीक पर भाजपा से मांगा जवाब
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा यह बताए कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार क्यों लीक हुए, युवाओं को हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा क्यों पूरा नहीं हुआ और लाखों सरकारी पद अब भी खाली क्यों हैं। उन्होंने कहा कि संसद परिसर में एक घंटे का मौन उपवास रखने से युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा। यदि भाजपा वास्तव में युवाओं के हित में काम करना चाहती है तो उसे संसद में केंद्र सरकार से भर्ती घोटालों और परीक्षा अनियमितताओं पर जवाब मांगना चाहिए।
‘अनियमितता हुई है तो निष्पक्ष जांच हो’
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट मत है कि यदि किसी भी भर्ती परीक्षा में किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं का इस्तेमाल करना चाहती है, जबकि कांग्रेस न्याय और पारदर्शिता की पक्षधर है।

विशेष पैकेज और रोजगार के मुद्दे भी उठाए
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा झारखंड के मुद्दों पर कांग्रेस से सवाल पूछ रही है, जबकि उसके सांसद राज्य के लिए विशेष पैकेज, उद्योग, रोजगार और केंद्र सरकार के रिक्त पदों को भरने की मांग पर वर्षों से मौन हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा की इस दोहरी राजनीति को समझ चुकी है और चुनाव के समय ही युवाओं, किसानों और गरीबों की चिंता दिखाना अब लोगों के बीच प्रभावी नहीं रहेगा।
‘युवा पूछ रहा है- रोजगार कहां है?’
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा यदि छात्रों और युवाओं की इतनी ही चिंता करती है तो उसे पहले केंद्र सरकार के अधीन हुई परीक्षा अनियमितताओं, खाली सरकारी पदों और रोजगार के वादों पर देश के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल मशाल जुलूस और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा। झारखंड का युवा आज सबसे बड़ा सवाल पूछ रहा है “रोजगार कहां है?” और भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।

Reporter | Samachar Post

