ब्रेकिंग न्यूज़

रांची के अपर बाजार को जाम से मिलेगी राहत, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाएगा नगर निगम

Meenu | July 31, 2026 | 02:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के सबसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र अपर बाजार को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए रांची नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को निगम की टीम ने हरमू शनि मंदिर से लेकर अपर बाजार तक विस्तृत निरीक्षण किया और सड़क, फुटपाथ तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित किया। नगर निगम का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें : रांची मधुकम बुलडोजर मामला: हाईकोर्ट ने वापस लिया पुराना आदेश, याचिकाकर्ता पर 12 लाख रुपये का जुर्माना

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रशासक, अपर प्रशासक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे मार्ग का पैदल निरीक्षण कर उन स्थानों की पहचान की, जहां अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहले होगी पहचान, फिर चलेगा अभियान

नगर निगम के अनुसार, ‘जाम मुक्त अपर बाजार’ अभियान के पहले चरण में अतिक्रमण वाले स्थानों की पहचान की जा रही है। इसके बाद संबंधित लोगों को नियमानुसार सूचना दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अवैध निर्माण और सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

सड़क और फुटपाथ होंगे खाली

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की चौड़ाई, फुटपाथों की स्थिति, दुकानों के बाहर रखे सामान, अस्थायी ढांचों और अन्य अवरोधों का भी जायजा लिया। नगर निगम का मानना है कि सड़क और फुटपाथ खाली होने से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों और व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी।

जाम की समस्या कम करने पर फोकस

अपर बाजार रांची का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम का यह अभियान क्षेत्र में जाम की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें