मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

कोडरमा में हाथियों का आतंक: किसान की पटक-पटक कर हत्या, ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ हंगामा

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो पंचायत अंतर्गत खंडराडीह गांव का है, जहां भ्रमणशील हाथियों के झुंड ने एक किसान पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय केदार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि केदार यादव घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान 20 से 25 हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में अवैध पत्थर कारोबार पर प्रशासन का एक्शन, बोल्डर लोड दो हाइवा जब्त

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र से हाथियों के झुंड को हटाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। सूचना मिलने पर मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

एक साल में डेढ़ दर्जन लोगों की जा चुकी है जान

जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में कोडरमा जिले में हाथियों के हमलों में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

DFO ने मुआवजे का दिया आश्वासन

डीएफओ सौमित्र शुक्ल ने बताया कि 20 से 25 हाथियों का झुंड कोडरमा के अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और जंगल से सटे इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की। डीएफओ ने कहा कि हाथियों के हमले में मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही फसलों और घरों को हुए नुकसान की भी निर्धारित नियमों के तहत भरपाई की जाएगी।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment