भाजपा नेता हरिभूषण ठाकुर बचौल को मिली जान से मारने की धमकी, पटना में FIR दर्ज

Samachar Post डेस्क,पटना : बिहार बीजेपी के पूर्व विधायक और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल को फोन कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरिभूषण ठाकुर बचौल के अनुसार, शनिवार रात वह अपने आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान रात करीब 8:46 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल रिसीव करते ही सामने वाले ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि धमकी देने वाले ने दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क किया और इससे पहले भी कई बार मिस्ड कॉल किए थे।

यह भी पढ़ें : पंचधाम मंदिर में मां काली के सोने-चांदी के आभूषण चोरी, प्रतिमा को भी पहुंचाया नुकसान

कॉलर आईडी पर दिखा एक नाम

पूर्व विधायक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉलर आइडेंटिफिकेशन ऐप पर एक मोबाइल नंबर ‘मोहम्मद इनामुल’ के नाम से दिखाई दे रहा था। इसकी जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। हालांकि, पुलिस अभी इस नाम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर रही है और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

शिकायत मिलने के बाद पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हरिभूषण ठाकुर बचौल मधुबनी जिले की बिस्फी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें