Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा से सटे पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचधाम मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बेखौफ चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मां काली की प्रतिमा पर सजे सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर ले गए। आरोप है कि आभूषण निकालने के दौरान प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें : बोकारो में 27वां कारगिल विजय दिवस मनाया गया, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
ताला और लोहे की जंजीर काटकर मंदिर में घुसे चोर
मंदिर समिति और स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के साथ लोहे की जंजीर काटकर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मां काली की प्रतिमा से सोने की आंखें, सोने की जीभ, चांदी का मुकुट, चांदी की चूड़ियां सहित अन्य कीमती आभूषण और पूजन सामग्री चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आभूषण निकालने के दौरान चोरों ने प्रतिमा के साथ भी छेड़छाड़ की, जिससे मां काली की प्रतिमा के केश बिखर गए और प्रतिमा को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है और कई लोग भावुक हो गए।

क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है पंचधाम मंदिर
हिंदुस्तान केबल्स जलाशय के समीप स्थित पंचधाम मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषण बरामद करने का भरोसा दिया है।

Reporter | Samachar Post

