Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बोरवेल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बोरवेल कार्य में लगे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सुबह चार बजे हुआ हादसा
घटना के संबंध में बोरिंग कार्य करा रहे मो. ताजुद्दीन ने बताया कि उनके घर के पास रात करीब 2 बजे से बोरवेल का काम चल रहा था। बोरवेल वाहन सड़क किनारे खड़ा कर मजदूर काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे JH02-AA-2941 नंबर का एक तेज रफ्तार ट्रक वहां पहुंचा और बोरवेल वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल
हादसे में गंगो मंडल, मनोज दास और रामेश्वर दास घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। वहीं, बोरवेल वाहन संचालक कार्तिक बरनवाल ने बताया कि दुर्घटना में बोरवेल वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान नाराज लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी।
यह भी पढ़ें : पाकुड़ में क्रेशर से चोरी करते दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए, पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

