सैटेलाइट तस्वीरों और अत्याधुनिक तकनीक से करोड़ों की हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा, रांची पुलिस ने किया भंडाफोड़

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के पॉश अशोक नगर इलाके में हुई करोड़ों रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपियों की दो पत्नियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने वारदात को अंजाम देने से पहले सैटेलाइट तस्वीरों, अत्याधुनिक तकनीक और लग्जरी कार की मदद से घरों की रेकी की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस हाई-टेक चोरी की परतें खोली हैं।

यह भी पढ़ें : कोडरमा में आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों का धरना, बकाया भुगतान और न्यूनतम मानदेय लागू करने की मांग

अंतरराज्यीय गिरोह की तलाश में जुटी SIT

पुलिस के अनुसार इस मामले में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा की भूमिका सामने आई है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही है। सीतामढ़ी निवासी इरफान और दिल्ली निवासी अफरोज के घरों पर छापेमारी के दौरान उनकी पत्नियां गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से चोरी के गहने और नकदी बरामद की गई है।

जगुआर कार, गहने और 17.36 लाख रुपये नकद बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78-EM-0101) भी बरामद की है। इसके अलावा एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, एक डायमंड रिंग तथा 17.36 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। यह चोरी 9 जुलाई को अशोक नगर स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय और निशीत केसरी के घरों में हुई थी, जिसके बाद एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई थी।

देशभर में दर्ज हैं करीब 80 आपराधिक मामले

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का सरगना मोहम्मद इरफान और उसके साथी कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, पुणे, केरल, छत्तीसगढ़, सूरत, हैदराबाद, सीतामढ़ी और जालंधर सहित कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं। रांची पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

संबंधित खबरें