Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें : रांची में BJP कार्यालय घेराव के दौरान बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच अंडे-टमाटर चले
कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मत्स्य विभाग परिसर, इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, केबी हाई स्कूल, कोर्रा और दीपगढ़ा स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और सुपरवाइजरों से सीधे बातचीत कर SIR फॉर्म वितरण, भरे हुए प्रपत्रों की प्राप्ति, ऑनलाइन डिजिटाइजेशन की प्रगति और ASDD सूची के अद्यतन कार्य की विस्तार से समीक्षा की।

BLA-2 के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश
सुबोध कुमार ने सभी BLO, सुपरवाइजरों और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के BLA-2 प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बेहद महत्वपूर्ण है और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
ASDD सूची और मृत मतदाताओं की अलग रिपोर्ट बनाने के आदेश
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रपत्रों के लेन-देन और डिजिटाइजेशन की रिपोर्ट प्रतिदिन अपडेट की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मृत, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं की अलग रिपोर्ट तैयार करने तथा ASDD सूची का जल्द संकलन और अद्यतन करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान हजारीबाग के सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post

