Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : सिक्किम में रेलवे टनल निर्माण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में झारखंड के हजारीबाग जिले के एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरही प्रखंड के तिलैया बस्ती पंचायत अंतर्गत कोल्हुआकला गांव निवासी जागेश्वर ठाकुर के रूप में हुई है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जागेश्वर ठाकुर परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से पत्नी, दो पुत्र, एक पुत्री और वृद्ध माता-पिता गहरे सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रेलवे टनल निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सिक्किम के नामची जिले में गंगटोक से लगभग 80 किलोमीटर दूर एक निर्माणाधीन रेलवे सुरंग में 20 जुलाई की सुबह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सुरंग के अंदर काम के दौरान अचानक पहाड़ का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए।घटना के समय बड़ी संख्या में श्रमिक सुरंग के भीतर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में कई मजदूर मलबे और जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से निकाले गए शवों की पहचान मजदूरों के पहचान पत्रों के आधार पर की गई। इसी दौरान एक शव की पहचान जागेश्वर ठाकुर के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद गांव में शोक का माहौल फैल गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जागेश्वर ठाकुर अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ आर्थिक चुनौतियां भी खड़ी हो गई हैं। परिजनों का कहना है कि अब परिवार के भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। मृतक के बड़े पुत्र राहुल शर्मा अपने सहयोगियों के साथ सिक्किम पहुंच चुके हैं और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। पार्थिव शरीर को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव लाने की तैयारी की जा रही है। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
बरही विधायक एवं लोक लेखा समिति के सभापति मनोज कुमार यादव ने दूरभाष के माध्यम से परिजनों से बात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
यह भी पढ़ें : SIR फॉर्म भरने में लापरवाही न करें, 29 जुलाई से पहले आवेदन करें: अंजुमन इस्लामिया
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
टनल निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर बड़े निर्माण परियोजनाओं में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

