Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र में अहिल्यापुर और बरकार के बीच गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में धनबाद निवासी 61 वर्षीय अयोध्या प्रसाद यादव की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार भगरु यादव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें : कोर्ट के फैसले के बावजूद जमीन विवाद जारी, कब्जे की कोशिश और तनाव फैलाने के आरोप
घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अयोध्या प्रसाद यादव धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के गुलियाडीह के रहने वाले थे। परिजनों ने बताया कि वह अपने मामा के घर आए हुए थे। देर रात वे भगरु यादव के साथ बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अहिल्यापुर और बरकार के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में अयोध्या प्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भगरु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को धनबाद रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अयोध्या प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भगरु यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
फरार वाहन चालक की तलाश जारी
ताराटांड़ थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वाहन की पहचान होने पर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

