Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को झारखंड के लोहरदगा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई रांची स्थित RSS कार्यालय में हुई बमबाजी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी NIA टीम के साथ मौजूद रही।
यह भी पढ़ें : पाकुड़ में JLKM की बड़ी कार्रवाई, जिला अध्यक्ष हसन अंसारी पदमुक्त; नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप
सुबह चार बजे शुरू हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, NIA की विशेष टीम गुरुवार तड़के करीब 4 बजे लोहरदगा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घरों और अन्य परिसरों की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की गई, ताकि मामले से जुड़े नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
जेल में बंद आरोपी अमन अंसारी के घर भी पहुंची टीम
सूत्रों के मुताबिक, RSS कार्यालय बमबाजी मामले में जेल में बंद आरोपी अमन अंसारी के आवास पर भी NIA की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम ने घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने बिजली विभाग की क्रेन की मदद ली। क्रेन के सहारे पुलिसकर्मी घर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचे और आगे की कार्रवाई की। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल NIA की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां और संभावित साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

RSS कार्यालय बमबाजी मामले की जांच जारी
गौरतलब है कि रांची स्थित RSS कार्यालय में हुई बमबाजी की घटना के बाद से NIA इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। एजेंसी घटना के पीछे सक्रिय नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों और उनके आपसी संबंधों का पता लगाने में जुटी है। इसी क्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही कार्रवाई
लोहरदगा में हुई यह छापेमारी जांच के लिए अहम मानी जा रही है। कार्रवाई के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Reporter | Samachar Post

