सरायकेला में पत्नी की हत्या के प्रयास का आरोप, पति गिरफ्तार; लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद

Meenu | July 16, 2026 | 04:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : सरायकेला थाना पुलिस ने पत्नी पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और बिजली का तार भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : चाईबासा ट्रेजरी घोटाला: CID जांच के दायरे में राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, बैंक खातों में लेनदेन की हो रही जांच

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर की रहने वाली एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति सोमरा हेंब्रम ने लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।

विशेष टीम बनाकर शुरू की गई जांच

शिकायत के आधार पर सरायकेला थाना कांड संख्या 54/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने मामले की जांच और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, तकनीकी और पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर 39 वर्षीय सोमरा हेंब्रम की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार किया।

घटना में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई करीब एक मीटर लंबी लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद कर जब्त कर लिया है। इन सामानों को मामले के साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें