Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड के गुमला जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय के बड़ा बाबू समेत दो लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक शिक्षक के एरियर भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिक्षक की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार एक शिक्षक से लंबित एरियर भुगतान कराने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। लगातार दबाव और कथित प्रताड़ना से परेशान शिक्षक ने मामले की लिखित शिकायत एसीबी से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद मंगलवार को विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। एसीबी की छापेमारी और गिरफ्तारी के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुई कार्रवाई से शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम कई दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
बंद कमरे में चली जांच प्रक्रिया
सूत्रों के अनुसार एसीबी के अधिकारी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटे हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि कार्रवाई को लेकर एसीबी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की समीक्षा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में PMAY 2.0 लाभुक सूची पर विवाद, ग्रामीणों ने पंचायत सचिव का किया घेराव

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी गुमला शिक्षा विभाग भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में रहा था। उस समय जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को भी उनके एक सहयोगी के साथ रिश्वतखोरी के मामले में एसीबी ने गिरफ्तार किया था। ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें कार्रवाई की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं एसीबी की जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

