Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से लदी एक बोलेरो वाहन जब्त की है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात नासरगंज पेट्रोल पंप के पीछे की गई। हालांकि पुलिस को चकमा देकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। जब्त बोलेरो का नंबर BR 02 P 5136 बताया गया है। वाहन में दर्जनों पेटी अंग्रेजी शराब लदी थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि गिरिडीह की ओर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने थाना मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : 20 लाख के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू की पत्नी की भावुक अपील, कहा- कानून के तहत हो कार्रवाई
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागा चालक
जैसे ही संदिग्ध बोलेरो थाना मोड़ के पास पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस की पीछा करती टीम से बचने के लिए तस्कर ने नासरगंज पेट्रोल पंप के पीछे बोलेरो खड़ी कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसमें रखी अंग्रेजी शराब जब्त कर ली।

शराब की गिनती और दस्तावेजों की जांच जारी
सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि जब्त वाहन और शराब को थाना लाया गया है। फिलहाल शराब की पेटियों की गिनती की जा रही है और वाहन के दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। पुलिस ने फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब की खेप गिरिडीह से बिहार ले जाई जा रही थी, जिसे कोडरमा पुलिस ने समय रहते जब्त कर लिया।

Reporter | Samachar Post

