Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड के गुमला जिले में अंधविश्वास की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। सिसई थाना क्षेत्र के पोढ़ा नागफेनी गांव में जादू-टोना करने के संदेह में 75 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम खड़िया की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एतवा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सीताराम खड़िया भोजन करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह हाथ धोने के लिए घर से बाहर निकले। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही एतवा उरांव ने उन पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सीताराम खड़िया को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जादू-टोना के आरोप को लेकर था विवाद
मृतक के पुत्र कुशल खड़िया ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उनके पिता पर डायन-बिसाही और जादू-टोना करने का आरोप लगाता था। आरोपी का मानना था कि उसके परिवार के सदस्यों और बच्चों की बीमारी के पीछे सीताराम खड़िया जिम्मेदार हैं। परिजनों का आरोप है कि इसी अंधविश्वास और गलत धारणा के कारण आरोपी ने हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद सिसई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी संजय चौबे ने बताया कि आरोपी एतवा उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव कुएं से मिला, इलाके में सनसनी
अंधविश्वास पर फिर उठे सवाल
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी मौजूद डायन-बिसाही और जादू-टोना जैसी कुप्रथाओं की गंभीरता को उजागर करती है। जागरूकता अभियानों और सख्त कानूनों के बावजूद कई इलाकों में अंधविश्वास के कारण हिंसक घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

