धनबाद में अपराध पर पुलिस का शिकंजा, क्राइम रेट में 30% की गिरावट; SSP ने तय किए नए लक्ष्य

Rupa Kumari | July 11, 2026 | 11:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस मुख्यालय में जून माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपराध, अनुसंधान, वारंट निष्पादन, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जून माह में जिले में 409 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 460 मामलों का निष्पादन किया गया। इससे स्पष्ट है कि धनबाद पुलिस नए मामलों के साथ-साथ लंबित मामलों के निपटारे पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

लंबित मामलों को 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर 1,794 रह गई है। उन्होंने इसे पुलिस टीम की लगातार मेहनत और बेहतर रणनीति का परिणाम बताया। साथ ही अगले दो महीनों के भीतर लंबित मामलों की संख्या 1,600 से कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जून माह के दौरान पुलिस ने 574 लंबित वारंटों का निष्पादन किया, जो पिछले माह जारी वारंटों की तुलना में 150 अधिक है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जुलाई में लंबित वारंट और कुर्की मामलों में कम-से-कम 50 प्रतिशत मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है।

अपराध और सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी

बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष जिले में हर महीने औसतन 600 आपराधिक मामले दर्ज होते थे, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 400 रह गई है। इस प्रकार जिले में अपराध दर में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मई की तुलना में जून माह में सड़क दुर्घटनाओं में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। एसएसपी ने ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवर्तन अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

यूडी मामलों और अनुसंधान में भी प्रगति

अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी) मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लंबित यूडी मामलों की संख्या अब 1,000 से नीचे पहुंच गई है। इन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। अनुसंधान कार्यों की समीक्षा में यह भी सामने आया कि जून माह में 509 पुराने मामलों में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल किए गए। वहीं ऑनलाइन प्राप्त 46 शिकायतों में से 30 का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया।

यह भी पढ़ें: पलामू पुलिस ने 27 नाबालिगों को कराया मुक्त, बिहार भेजने की थी तैयारी

संगठित अपराध के खिलाफ अभियान होगा तेज

बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि लगातार निगरानी, विशेष अभियानों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के कारण जून माह में जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई। उन्होंने अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आम जनता को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Share this news

संबंधित खबरें