Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के सरिया अंचल स्थित बाल्हेडीह जंगल में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही करोड़ों रुपये मूल्य की भारी मशीनरी और उपकरण जब्त किए। कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि कई अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे।
योजनाबद्ध तरीके से की गई छापेमारी
अधिकारियों के अनुसार, बाल्हेडीह क्षेत्र में लंबे समय से अवैध पत्थर खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने जंगल में प्रवेश कर खनन स्थल को चारों ओर से घेर लिया और चल रहे अवैध उत्खनन को तत्काल बंद करा दिया। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद भारी मशीनों और उपकरणों को जब्त कर लिया गया। हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क और इसके संचालकों की पहचान के लिए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों की चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर पूरे सिंडिकेट की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: रांची में बीएलओ का बैग हुआ लापता, 350 खाली और 50 भरे एन्यूमरेशन फॉर्म गायब; डीसी ने जारी की अपील
कई अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
यह विशेष अभियान एसडीओ संतोष गुप्ता के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में एसडीपीओ धनंजय राम, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी एवं जवान शामिल थे। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन पर रोक लगाने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

