DC ने गम्हरिया CHC का किया औचक निरीक्षण, खाली वार्ड और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी

Rupa Kumari | July 9, 2026 | 05:31 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने गुरुवार को गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं, जिस पर डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी, महिला वार्ड, पुरुष वार्ड और अस्पताल के अन्य विभागों का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं मिला। महिला और पुरुष दोनों वार्ड खाली पाए गए। गम्हरिया जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में मरीजों की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार कर लोगों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर बढ़ाया जाए।

पुरुष वार्ड में लगा मिला ताला

निरीक्षण के दौरान पुरुष वार्ड का ताला बंद मिला। काफी देर तक चाबी उपलब्ध नहीं होने के कारण वार्ड का निरीक्षण प्रभावित हुआ। बाद में चाबी आने पर उपायुक्त वार्ड के अंदर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस लापरवाही पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए। डीसी ने अस्पताल के औषधि भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एक्सपायरी दवाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल परिसर से सभी एक्सपायरी दवाओं को हटा दिया गया है और दवा प्रबंधन व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: खेत से जूट ले जा रहे किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत, चालक फरार

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, मरीजों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीसी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किया जाए।

Share this news

संबंधित खबरें