Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो पुलिस ने वाहन चोरी के एक गिरोह का खुलासा करते हुए चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद बाइकों में कुछ वाहन धनबाद के कतरास क्षेत्र से भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार हरला थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सेक्टर-6 निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने धनबाद के कतरास स्थित कैलूडीह खटाल इलाके में छापेमारी की। यहां से आरोपी अरमान कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक चोरी की अपाचे बाइक बरामद की गई।
आरोपियों की निशानदेही पर मिलीं अन्य बाइकें
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस का कहना है कि गिरोह चोरी के वाहनों को अवैध कारोबार में शामिल लोगों और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े व्यक्तियों को बेच देता था। इस मामले की जानकारी देते हुए राजीव रंजन ने बताया कि वाहन चोरी के नेटवर्क को तोड़ने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बरामद सभी वाहनों की पहचान और उनके मूल मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस की बड़ी पहल: अनुकंपा के आधार पर 153 आश्रितों को मिली नौकरी, दिवंगत कर्मियों के परिवारों को मिलेगा सहारा
एक आरोपी जेल भेजा गया, नाबालिग निरुद्ध
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अरमान कुमार यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है। पुलिस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

